Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल में जदयू समर्थकों का हंगामा, इमरजेंसी सेवाएं कुछ देर प्रभावित

Spread the love

जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब जदयू समर्थकों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच भगदड़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए, जिससे कुछ देर के लिए इलाज की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई।
मामला विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह के पुत्र अभिजीत सिंह और अंबिका पांडेय के भतीजे देव पांडेय के बीच हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि अभिजीत सिंह द्वारा की गई मारपीट में देव पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल देव को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर में 15 टांके लगाए।
सूत्रों के अनुसार, इस घटना में अभिजीत सिंह को भी चोटें आई हैं। जैसे ही घटना की सूचना विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह को मिली, वे अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद अस्पताल परिसर में तनाव और बढ़ गया।
समर्थकों द्वारा इमरजेंसी वार्ड के समीप किए गए हंगामे से मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। इस दौरान धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति भी देखने को मिली। वहीं, घटनास्थल पर वीडियो बना रहे एक युवक के साथ भी कथित तौर पर बदसलूकी की गई।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।