जमशेदपुर: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने परेड का निरीक्षण करने के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे।
समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, जेएनएसी के नगर आयुक्त, अपर उपायुक्त, निदेशक एनईपी, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
अपने संबोधन में उपायुक्त राजीव रंजन ने पूर्वी सिंहभूम जिले के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों, महापुरुषों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद मिली है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना, युवाओं के लिए रोजगार एवं विकास के अवसर बढ़ाना तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उपायुक्त ने समारोह के दौरान पूर्वी सिंहभूम में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, पेयजल एवं स्वच्छता, पशुपालन, श्रम, नगर निकाय, राजस्व, परिवहन समेत विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
समारोह में उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने वीर नारी श्रीमती कनकलता, शहीद नायक अखिलेश श्रीवास्तव की पत्नी को सम्मानित किया। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, निर्वाचन और पुलिसिंग के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
परेड प्रतियोगिता में रेंजर गर्ल्स ने प्रथम, स्काउट बॉयज ने द्वितीय और गाइड गर्ल्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्लाटून को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
जिले के विभिन्न कार्यालयों में भी हुआ ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया। उपायुक्त राजीव रंजन ने अपने आवासीय कार्यालय, समाहरणालय एवं रेडक्रॉस भवन में तिरंगा फहराया।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने एसएसपी आवासीय कार्यालय, एसएसपी कार्यालय एवं पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने आईटीडीए कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

aadvertisment
धालभूम अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ अर्नव मिश्रा तथा घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ अमिताभ भगत ने ध्वजारोहण किया। जिला जनसंपर्क कार्यालय में उप निदेशक जनसंपर्क-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव ने तिरंगा फहराया।
इसके अलावा जिले के सभी जिला स्तरीय कार्यालयों, प्रखंड मुख्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।