Responsive Menu
Add more content here...

गालुडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर: जिले में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गालुडीह थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 11 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक ग्लैमर मोटरसाइकिल और हेलमेट भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ओडिशा से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा लेकर गालुडीह के रास्ते जमशेदपुर पहुंचने वाले हैं। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई।

टीम ने गालुडीह बराज के समीप कैनाल रोड पर घेराबंदी कर एक ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग 11 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया और मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार सिंह, श्याम नाथ राय और बाबुलाल यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

पूछताछ के दौरान पुलिस को गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने का दावा किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।