जमशेदपुर: शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ परसुडीह थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 510 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शशि कुमार भगत उर्फ दिलखुश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के खखरीपाड़ा–जादुगोड़ा मार्ग पर गांजा की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। सत्यापन के बाद पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने शशि कुमार भगत उर्फ दिलखुश को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके हाथ में मौजूद सफेद प्लास्टिक की थैली से गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर वजन करने पर इसकी मात्रा करीब 510 ग्राम पाई गई।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गोलमुरी के एक व्यक्ति से गांजा खरीदता था और छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्थानीय स्तर पर बेचता था। पुलिस अब सप्लाई चेन और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए परसुडीह पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।