घाटशिला: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार युवकों के पास से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए जमशेदपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम खंडेलवाल ने बताया कि 29 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि मुसाबनी से दो युवक ब्राउन शुगर लेकर घाटशिला थाना क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर घाटशिला थाना क्षेत्र के अमायईनगर पुलिया के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 13.12 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुसाबनी के तीन नंबर हरिजन बस्ती निवासी 19 वर्षीय जय महानंद और मुसाबनी निवासी 19 वर्षीय आकर्षित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में आगे की जांच जारी है।