Responsive Menu
Add more content here...

घाटशिला में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा और ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार

Spread the love

घाटशिला। संवाददाता। घाटशिला थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 किलो 81 ग्राम गांजा और 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, राजस्टेट स्थित पुराने अनुमंडल कार्यालय यानी राजबाड़ी के खंडहर भवन में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर घाटशिला थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में एक छापामारी टीम गठित की गई।

टीम ने सूचना के आधार पर उक्त स्थान पर छापेमारी की और मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से गांजा और ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से नशीले पदार्थों के अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, हुंडई आई-10 कार और विभिन्न कंपनियों के सात मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घाटशिला राजस्टेट निवासी दिनेश सिंह, धोबीपाड़ा निवासी तुषार सीट और मुसाबनी थाना क्षेत्र के पाथरगोड़ा निवासी लखन चंद्र सोरेन उर्फ लक्की उर्फ मामा के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले में घाटशिला थाना में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी तथा इसके पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।