Responsive Menu
Add more content here...

भूतिया मध्य विद्यालय में कक्षा भवन की भारी कमी, 110 छात्रों की पढ़ाई हो रही प्रभावित

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के भूतिया मध्य विद्यालय में कक्षा भवन की गंभीर कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। विद्यालय में कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों को मजबूरी में कंबाइंड क्लास में पढ़ाया जा रहा है, जिससे शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है।

110 छात्रों के लिए सिर्फ 4 कमरे उपलब्ध
विद्यालय में वर्तमान में कुल 110 छात्र नामांकित हैं, जबकि पढ़ाई के लिए केवल 4 कमरे ही उपयोग में लाए जा रहे हैं। विद्यालय के अन्य तीन कमरे जर्जर अवस्था में हैं, जिनका उपयोग करना संभव नहीं है। ऐसे में छात्रों को सीमित जगह में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।

कंबाइंड क्लास से बढ़ी परेशानी
प्रधानाध्यापक चित्य रंजन बास्के ने बताया कि उपलब्ध कमरों में से 2 कमरों में कंबाइंड क्लास का संचालन किया जा रहा है। इससे न केवल छात्रों को बैठने में दिक्कत होती है, बल्कि शिक्षण कार्य भी प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रहा है।

बारिश में टपकती है छत से पानी
विद्यालय भवन की हालत इतनी खराब है कि बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता है। इस स्थिति में बच्चों को कक्षा में बैठाना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे उनकी सुरक्षा और पढ़ाई दोनों पर असर पड़ता है।

शिक्षकों की भी है कमी
विद्यालय में 110 छात्रों के लिए केवल 4 सरकारी शिक्षक और 1 सहायक अध्यापक कार्यरत हैं, जबकि आवश्यकता कम से कम 5 शिक्षकों की है। शिक्षकों की कमी के कारण सभी कक्षाओं पर समान रूप से ध्यान देना संभव नहीं हो पा रहा है।

नये भवन और शिक्षकों की मांग
प्रधानाध्यापक ने शिक्षा विभाग से नये विद्यालय भवन के निर्माण और दो अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष भवन निर्माण की स्वीकृति मिली थी, लेकिन कुछ कारणों से वह योजना रद्द कर दी गई।

रसोई घर भी जर्जर, वैकल्पिक व्यवस्था
विद्यालय का रसोई घर भी जर्जर हालत में है, जहां बारिश के समय छत से पानी टपकता रहता है। इसी कारण विद्यालय प्रशासन को वैकल्पिक रसोई घर की व्यवस्था करनी पड़ी है, जहां वर्तमान में मध्यान्ह भोजन तैयार किया जा रहा है।

विद्यालय की यह स्थिति क्षेत्र में सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है और शीघ्र ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।