जमशेदपुर:
शहर में स्वान प्रेमियों के लिए एक खास आयोजन होने जा रहा है। आगामी 9 से 11 जनवरी तक लगातार तीन दिनों तक जमशेदपुर में भव्य डॉग शो का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जमशेदपुर केनल क्लब के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें देशभर से सैकड़ों खूबसूरत और दुर्लभ नस्ल के स्वान भाग लेंगे।
एक साथ होंगे तीन प्रतिष्ठित डॉग शो
जमशेदपुर केनल क्लब की अध्यक्ष रूचि नरेन्द्रन ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 79वां, 80वां और 81वां डॉग शो एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं। यह अपने आप में एक खास उपलब्धि है, जो जमशेदपुर को राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाएगी।
देशभर से 326 स्वान लेंगे हिस्सा
डॉग शो में जमशेदपुर केनल क्लब के 38 स्वान शामिल होंगे, जबकि कुल मिलाकर देश के विभिन्न हिस्सों से 326 स्वान प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस दौरान दर्शकों को 43 अलग-अलग डोमेस्टिक और इंटरनेशनल ब्रीड के स्वान देखने का अवसर मिलेगा।
टी. वी. नरेन्द्रन करेंगे उद्घाटन
इस भव्य आयोजन का उद्घाटन टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेन्द्रन द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वान की सुंदरता, अनुशासन और नस्लीय विशेषताओं का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।
परिवारों और बच्चों के लिए खास आकर्षण
यह डॉग शो न केवल स्वान प्रेमियों के लिए बल्कि बच्चों और परिवारों के लिए भी एक यादगार अनुभव साबित होगा। ऐसे बड़े आयोजनों से जमशेदपुर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी तथा शहर को एक नई ऊंचाई मिलेगी।