चाकुलिया: चाकुलिया-धालभूमगढ़ मुख्य मार्ग पर मेम क्लब के समीप बुधवार को एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव एक महुआ पेड़ के नीचे पड़ा हुआ मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार चांडिल मुख्य बायीं नहर से कुछ दूरी पर स्थित स्थान पर राहगीरों की नजर बुजुर्ग के शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कुमार के निर्देश पर एएसआई पीतांबर मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद डॉ. नरेश बास्के ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी और लू के कारण बुजुर्ग की मौत हुई हो सकती है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है और मामले की जांच जारी है। शव मिलने की घटना के बाद आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।