Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: भारी वर्षा से चांडिल मुख्य बाईं नहर की शाखा ध्वस्त, पांच गांव के किसानों की सिंचाई पर संकट

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह)
प्रखंड के सोनाहातू पंचायत अंतर्गत आमाभूला गांव के समीप हुई भारी वर्षा से स्वर्णरेखा परियोजना के तहत बनी चांडिल मुख्य बाईं नहर की शाखा नहर (ओआर 49 बी) पूरी तरह कटकर बह गई है। यह नहर आमाभुला से निकलकर सोनाहातू, बागबासा, चड़ईडूबा होते हुए जोड़िसा तक जाती है और पांच गांव के किसान इसकी सिंचाई व्यवस्था से जुड़े हुए हैं।

ग्रामीणों की सूचना पर मुखिया का निरीक्षण

ग्रामीणों ने नहर टूटने की जानकारी पंचायत के मुखिया मोहन सोरेन को दी। बुधवार को मुखिया स्वयं ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग के सहायक अभियंता को मोबाइल पर जानकारी देते हुए तत्काल नहर मरम्मत की मांग की।

हाल ही में हुई थी मरम्मत

मुखिया ने बताया कि महज डेढ़ महीना पहले ही इस शाखा नहर की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन लगातार हो रही भारी वर्षा से नहर का बांध पूरी तरह ध्वस्त हो गया और पानी के तेज बहाव में बहकर टूट गया।

किसानों पर संकट

स्थानीय ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय पर नहर की मरम्मत नहीं हुई तो क्षेत्र के किसानों को सिंचाई में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा और खरीफ फसल पर सीधा असर पड़ेगा।