जमशेदपुर संवाददाता
पुलिस ने घाटशिला थाना क्षेत्र में बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर ठगने वाले बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बुधवार शाम साकची स्थित एसएसपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।
गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मऊभंडार ओपी क्षेत्र में छापामारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान “एमएस रिया एंटरप्राइजेज” नामक फर्जी कंपनी को सील कर उसके सभी दस्तावेज जब्त किए गए।
ऐसे काम करता था रैकेट
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह बेरोजगार युवक-युवतियों से 25 हजार रुपये की मोटी रकम वसूलकर नौकरी दिलाने का झांसा देता था। इतना ही नहीं, उनसे अन्य लोगों को नेटवर्क में जोड़ने का दबाव भी बनाया जाता था। विरोध करने पर पीड़ितों के साथ मारपीट कर उन्हें जबरन किराए के मकानों में रखा जाता था।
गिरोह का मास्टरमाइंड फरार
इस नेटवर्क का सरगना राजू यादव (गया, बिहार) बताया जा रहा है। इसके साथ ही सुनील यादव (समस्तीपुर, बिहार), राहुल रंजन, अनिल और रवि चौहान की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को पकड़ा है, उनमें –
रोमेन्ट कुमार (भोलाबगान, जमशेदपुर)
मोहन कुमार राणा (डोमचाच)
शिवम कुमार सिंह (वैशाली)
कुलदीप सिंह (पूर्वी सिंहभूम) शामिल हैं।
179 पीड़ितों की पहचान
पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से आए 179 युवक-युवतियों की पहचान की गई है। उन्हें उनके घर वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।