जमशेदपुर। संवाददाता
रांची एटीएस के सहयोग से छापेमारी
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को रांची एटीएस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की। यह कार्रवाई उस युवक की निशानदेही पर की गई, जिसे दिल्ली एयरपोर्ट से दो अलग-अलग पासपोर्ट के जरिए कई देशों की यात्रा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
टुइलाडुंगरी सहित कई इलाकों में दबिश
दिल्ली पुलिस और एटीएस की टीम गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुइलाडुंगरी, साकची, गोलमुरी और कपाली इलाकों में पहुंची। इस दौरान टुइलाडुंगरी और मुस्लिम बस्ती के बीच स्थित एक गली में किराए के मकान पर छापेमारी की गई।
तीन युवक हिरासत में, संदिग्ध दस्तावेज बरामद
छापेमारी के दौरान उक्त मकान से अब्दुल गनी समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान कमरे से कुछ संदिग्ध अफगान दस्तावेज भी बरामद किए गए, जिसके बाद सभी को गोलमुरी थाना लाया गया।
थाने में गहन पूछताछ, नोटिस पर छोड़े गए युवक
गोलमुरी थाना में तीनों युवकों से देर रात तक गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस ने तीनों को नोटिस पर छोड़ते हुए उनसे लिखित जवाब तलब किया है।
दिल्ली एयरपोर्ट से युवक की गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस के अनुसार, एयरपोर्ट से गिरफ्तार युवक गोलमुरी का निवासी है। वह पिछले कुछ महीनों से अपने तीन साथियों के साथ टुइलाडुंगरी इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।
दो पासपोर्ट दिखाने पर हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, युवक करीब दो माह पूर्व अफगानिस्तान समेत कई अरब देशों की यात्रा कर दिल्ली लौटा था। जांच के दौरान उसने पहले अफगानिस्तान का पासपोर्ट दिखाया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने भारत में बना पासपोर्ट भी प्रस्तुत किया।
अन्य संदिग्धों की तलाश जारी
पूछताछ में युवक ने गोलमुरी स्थित अपने ठिकाने और साथियों की जानकारी दी। इसके बाद दिल्ली पुलिस उसे रांची लेकर पहुंची और एटीएस के सहयोग से जमशेदपुर में छापेमारी की गई। पुलिस को इस मामले में अन्य कई संदिग्धों के ठिकानों की भी जानकारी मिली है, जिनकी तलाश जारी है।