चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र में बढ़ते पेयजल संकट को देखते हुए प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंताओं के साथ एक अहम बैठक कर समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
Read More : चाकुलिया: ना ड्राइविंग लाइसेंस और ना नंबर प्लेट, सड़कों पर नाबालिग दौड़ाते हैं अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर
यह बैठक विधायक के निर्देश पर आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र में खराब पड़े जल स्रोतों को जल्द से जल्द चालू करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रमुख ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि सभी खराब चापाकल और सोलर जलमीनारों की तुरंत मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मरम्मत कार्य में किसी भी तरह की सामग्री की कमी नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से पाइप और अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि काम में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बैठक में मौजूद सहायक अभियंता ने भरोसा दिलाया कि विभाग इस समस्या को गंभीरता से ले रहा है और शनिवार से पूरे प्रखंड क्षेत्र में मरम्मत कार्य अभियान के रूप में शुरू किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने भी अधिकारियों से आग्रह किया कि भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को जल्द राहत पहुंचाने के लिए तेजी से कार्रवाई की जाए। बैठक में बीस सूत्री अध्यक्ष साहेबराम मांडी, शिवचरण हांसदा, बलराम महतो, बुबाई दास, कौशिक महतो, मिथुन कर सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।