चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को पंचायत समिति सदस्यों की बैठक प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
गांवों में पेयजल संकट गहराया, सोलर जलमीनार और चापाकल खराब
बैठक में प्रमुख ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है। कई गांवों में सोलर जलमीनार और चापाकल लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिसके कारण लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के एसडीओ एस. के. दिनकर ने आश्वस्त किया कि खराब चापाकलों की जल्द मरम्मत की जाएगी। साथ ही बताया कि जिन सोलर जलमीनारों को 5 वर्ष पूरे हो चुके हैं, उनकी मरम्मत पंचायत निधि से होनी है। विभाग के अनुसार पूरे प्रखंड में केवल 34 योजनाएं ऐसी हैं जिनकी मरम्मत की जिम्मेदारी विभाग की है।
बालू की कमी से आवास योजनाएं प्रभावित
बैठक में कई पंचायत समिति सदस्यों ने बालू उपलब्धता की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि बालू की किल्लत के कारण पीएम आवास, आबुआ आवास जैसी योजनाओं के लाभुकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सीओ नवीन पुरती ने कहा कि अवैध बालू परिवहन को रोकना सिर्फ प्रशासन के लिए संभव नहीं है, इसमें पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आवास योजनाओं की जरूरत को ध्यान में रखते हुए कुछ परिवहन पर प्रशासन सख्ती नहीं करता।
नगर पंचायत क्षेत्र में बढ़ती जाम की समस्या भी उठी
नगर पंचायत क्षेत्र के बिरसा चौक में हर दिन लगने वाले जाम की समस्या को भी बैठक में गंभीरता से उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि सड़क निर्माण के बाद जाम की समस्या और बढ़ गई है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने सुझाव दिया कि सड़क पर ठेला, खोमचा और दुकानों के कारण जाम लगता है। नगर पंचायत अवैध रूप से सड़क पर दुकान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें और जुर्माना वसूलें। पुलिस इसमें पूर्ण सहयोग करेगी।
नगर पंचायत के प्रशासक मोटाय बानरा ने इस दिशा में जल्द कदम उठाने का आश्वासन दिया।
बैठक में मौजूद अधिकारी और सदस्य
बैठक में सीओ नवीन पुरती, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार महंता, कृषि पदाधिकारी शिवानंद घटवार, मनरेगा बीपीओ लीला सोलंकी, एमओ राकेश कुमार सिंह सहित विभिन्न पंचायतों के पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे।