अंतर-ग्रामीण वॉलीबॉल प्रतियोगिता: बिकानीपुर ने खिताब पर जमाया कब्जा
बिकानीपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीरामपुर को फाइनल मुकाबले में सीधे सेटों में 15-9 और 15-7 से हराकर अंतर-ग्रामीण वॉलीबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को बड़ाहरिहरपुर मैदान में खेले गए निर्णायक मुकाबले में बिकानीपुर ने शुरुआत से ही बढ़त बनाकर मैच को एकतरफा बना दिया।
एपीएनआरएल के सीएसआर विभाग द्वारा आयोजित हुआ टूर्नामेंट
अंतर-ग्रामीण वॉलीबॉल प्रतियोगिता सरायकेला जिले के पदमपुर स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेस लिमिटेड (एपीएनआरएल) के सीएसआर विभाग द्वारा आयोजित की गई। टूर्नामेंट में कुल सात गांवों—बिकानीपुर, श्रीरामपुर, बड़ाहरिहरपुर, छोटाहरिहरपुर, पदमपुर, महादेवपुरम और पिंड्राबेरा—की टीमों ने हिस्सा लिया। हर मैच में ग्रामीण युवाओं का उत्साह और खेल भावना देखने लायक थी।
फाइनल में रोमांच, मैदान तालियों से गूंजा
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल दिखाया। बिकानीपुर की टीम ने मजबूत रणनीति और शानदार तालमेल के दम पर जीत हासिल की। मैच समाप्त होते ही मैदान तालियों की गड़गड़ाहट और “विजेता… विजेता” के नारों से गूंज उठा।
उद्घाटन और समापन समारोह में अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
उद्घाटन समारोह में एपीएनआरएल के मानव संसाधन विभाग के जीएम एस. के. परवेज और सहायक महाप्रबंधक मंजीत सिंह उपस्थित थे। वहीं समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दुग्धा पंचायत के मुखिया मोहन बास्के मौजूद रहे। उन्होंने विजेता टीम बिकानीपुर और उपविजेता टीम श्रीरामपुर को ट्रॉफी प्रदान की और सभी खिलाड़ियों की सराहना की।
“सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, गांवों के बीच भाईचारा बढ़ाने का माध्यम”
आयोजन के संयोजक संजीत सिन्हा ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल खेल नहीं, बल्कि गांवों के बीच सौहार्द और खेल भावना को मजबूत करने का एक मंच है। सभी टीमों ने एपीएनआरएल प्रबंधन का धन्यवाद देते हुए ऐसे आयोजनों को आगे भी जारी रखने की मांग की, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के युवा खेल के माध्यम से अपना भविष्य संवार सकें।