जमशेदपुर, संवाददाता।
पूर्वी सिंहभूम जिले में नेटवर्क मार्केटिंग और जॉब स्कैम का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मऊभंडार ओपी क्षेत्र में हुए खुलासे के महज 24 घंटे बाद ही कपाली ओपी अंतर्गत तमोलिया बारी कॉलोनी से पुलिस ने एक और नेटवर्क मार्केटिंग रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने इस मामले में सुरेंद्र कुमार समेत 4 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। जानकारी के अनुसार, बस्ती के युवक सूरज मोदी ने बताया कि इलाके में रहने वाला एक युवक युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर कंपनी से जोड़ रहा था। कथित बिनमेकर कंपनी ने उससे ₹35,000 और कई जरूरी दस्तावेज जमा करवाए, लेकिन नौकरी देने के बजाय धोखा दिया गया।
इस सूचना पर कपाली पुलिस ने छापेमारी की, जहां से 20 से अधिक युवक-युवतियों को विभिन्न मकानों से निकाला गया, जबकि कई लोग पुलिस को देखकर फरार हो गए। ये सभी लोग बिहार, छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों से आए हुए थे।
जांच में सामने आया है कि कंपनी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ₹20-25 हज़ार वसूलती थी और बाद में उनसे नए लोगों को जोड़ने का दबाव बनाती थी। अनुमान है कि अब तक 150 से अधिक लड़के-लड़कियां इस ठगी का शिकार हो चुके हैं।
कपाली ओपी प्रभारी बिभश कुमार चौधरी ने बताया कि मौके से कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।