बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड की बहुलिया पंचायत अंतर्गत सालझाटिया गांव निवासी 26 वर्षीय तुषार खमराई की शनिवार सुबह जमशेदपुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। तुषार जमशेदपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करते थे। चार दिन पहले काम के दौरान पेट्रोल पंप में गैस पाइप फटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हादसे के बाद तुषार को इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन शनिवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही सालझाटिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
विधायक की पहल पर परिजनों को मिला मुआवजा
तुषार के परिजनों ने घटना की जानकारी बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती को दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक ने पेट्रोल पंप संचालक उमेश जैन से बातचीत कर मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए पहल की।
विधायक की पहल के बाद परिजनों को कुल 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया। इसमें एक लाख रुपये तत्काल नकद प्रदान किए गए, जबकि शेष नौ लाख रुपये का चेक परिजनों को सौंपा गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह सहायता मुश्किल समय में राहत का माध्यम बनी।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़े ग्रामीण
शनिवार शाम तुषार का शव उनके पैतृक गांव सालझाटिया स्थित घर लाया गया। शव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए जुट गए। गांव में गमगीन माहौल रहा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
बाद में परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में तुषार के शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया गया। इस दौरान विधायक समीर कुमार मोहंती भी अपने समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ श्मशान घाट पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।