मुआवजे की मांग पर कंपनी ने सुधार कार्य का दिया भरोसा, एक सप्ताह में मरम्मत का आश्वासन
चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत कालियाम पंचायत भवन में बुधवार को मुखिया दासो हेंब्रम की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वर्णरेखा परियोजना के अंतर्गत सिंचाई पाइपलाइन बिछाने का कार्य कर रही राधे कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधियों और कालियाम, भुरसानी, सालबनी, जामबनी, हाथीबारी तथा राजाबासा गांव के किसानों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों की कृषि भूमि में बिछाई गई पाइपों के कारण हुए मेड़ों और रास्तों की क्षति को लेकर उठी चिंताओं पर चर्चा करना था। किसानों ने आरोप लगाया कि खेतों में पाइप डालने के कारण मेड़ टूट गए हैं, रास्ते खराब हो गए हैं और फसलों को नुकसान हुआ है। उन्होंने इस नुकसान के एवज में मुआवजे की मांग की।
इस पर कंपनी के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि परियोजना में मुआवजे का कोई प्रावधान नहीं है, लेकिन किसानों की समस्याओं को समझते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर सभी पाइप हटाकर खेतों की स्थिति को पूर्ववत किया जाएगा। साथ ही क्षतिग्रस्त मेड़ों और रास्तों की मरम्मत भी की जाएगी।
कंपनी ने यह भी कहा कि जिन जमीनों से पाइपलाइन गुजारी गई है, वहां किसानों की मांग के अनुसार सुधार कार्य किए जाएंगे ताकि भविष्य में खेती कार्य में कोई बाधा न आए।
मुखिया दासो हेंब्रम ने कहा कि किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और परियोजना के साथ-साथ ग्रामीणों की सहमति और सुविधा भी ज़रूरी है। उन्होंने आशा जताई कि कंपनी वादा निभाएगी और किसान संतुष्ट होंगे।