स्कूली बच्चों से लेकर ग्रामीणों तक हो रही भारी परेशानी, सड़क मरम्मत की मांग तेज
चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह): चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत बड़ीकानपुर-कालापाथर पंचायत के अंतर्गत आने वाला पोचापानी गांव, जो बंगाल की सीमा से सटा और पहाड़ व जंगलों से घिरा हुआ है, वहां लगातार हो रही भारी बारिश के चलते मुख्य सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। इस स्थिति से गांव के करीब 60 परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय भवन तक पीसीसी सड़क बनी है और गांव के भीतर भी पीएससी पथ मौजूद है, लेकिन विद्यालय और गांव के बीच का संपर्क मार्ग पूरी तरह से खस्ताहाल है। बारिश होने पर यह हिस्सा कीचड़ और दलदल में बदल जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि छोटे स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में सड़क के इस हिस्से पर फिसलन और कीचड़ के कारण लोग अक्सर गिरते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
गांव के निवासी और पंचायत समिति के सदस्य दशरथ मांडी ने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से इस जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द इस मार्ग की मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने चेताया है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क जाम या धरना प्रदर्शन करने को विवश होंगे।