सहायिका को बच्चों को गोद में उठाकर पहुंचाना पड़ रहा केंद्र भवन तक
चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत कालियाम पंचायत के गोहालडांगरा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 72 के सामने जल जमाव की समस्या ने केंद्र में बच्चों की उपस्थिति और संचालन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पिछले दिनों हुई भारी बारिश के बाद भवन के सामने घुटने तक पानी जमा हो गया है, जो अब तक नहीं निकला है। हालत यह है कि सहायिका टुनटनी सबर को बच्चों को गोद में उठाकर केंद्र तक पहुंचाना पड़ रहा है।
केंद्र की सेविका आशा लता मोगराज ने जानकारी दी कि करीब 15 बच्चे इस केंद्र में नामांकित हैं, लेकिन जल जमाव के कारण बच्चों और अभिभावकों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। केंद्र भवन के सामने का हिस्सा पूरी तरह तालाब में तब्दील हो चुका है, जिससे आने-जाने का रास्ता प्रभावित हुआ है।
जानकारी के अनुसार, यह केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित है। भवन के दक्षिण में स्वास्थ्य केंद्र की दीवार, पूर्व में जंगल, और उत्तर में झाड़ियां हैं। पास ही बने वन विभाग के ट्रेंच के टूट जाने से जंगल का पानी सीधे आंगनबाड़ी भवन के सामने जमा हो रहा है। जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी रुक गया है और दुर्गंध भी फैल रही है।
स्थिति और अधिक चिंताजनक इस वजह से भी है क्योंकि केंद्र में पेयजल की कोई सुविधा नहीं है। केंद्र की सेविका को 500 मीटर दूर चापाकल से पानी लाना पड़ता है।
स्थानीय लोगों और केंद्रकर्मियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर कोई विपरीत प्रभाव न पड़े।