Responsive Menu
Add more content here...

भारी बारिश से कालियाम पंचायत में तबाही, दर्जनों घर डूबे, संपर्क मार्ग बाधित

Spread the love

चाकुलिया, 29 जून संवाददाता (रोहन सिंह) — चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत कालियाम पंचायत के गांवों में बीती रात हुई मूसलधार बारिश ने भीषण तबाही मचाई है। लगातार बारिश के कारण सड़कें, पुल-पुलिया और कच्चे-पक्के मकान जलमग्न हो गए हैं। जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

घरों में घुसा पानी, फसलें और सामान बर्बाद

सबसे अधिक प्रभावित गांवों में आखुआपाड़ा के दाखिन बेसरा और सालखान बेसरा शामिल हैं, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों में तीन फीट तक पानी भर गया है। इन घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह खराब हो चुका है।

सानडांगरी गांव में भी दो घरों में पानी घुसने की खबर है, वहीं कई अन्य गांवों में दर्जनों घरों में दरारें आ गई हैं या वे पूरी तरह धंस गए हैं।

सड़क संपर्क टूटा, पुल-पुलिया बहने की कगार पर

भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर बने डायवर्सन और पुलिया डूब चुके हैं

  • गोहालडांगरा-काला झरिया मार्ग पर पुलिया के पास बना डायवर्सन पूरी तरह जलमग्न हो गया है।
  • धाधिका में निर्माणाधीन पुलिया के पास बनाए गए अस्थायी डायवर्सन पर छह फीट ऊंचा पानी बह रहा है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
  • कालियाम के चढ़ईडुबा खाल पर बनी पुलिया के ऊपर भी पानी बहने लगा है।

इन हालातों में कालियाम पंचायत का सोनाहातू पंचायत से संपर्क पूरी तरह कट गया है, जिससे ग्रामीणों को राहत सामग्री पहुंचाना भी मुश्किल हो गया है।

पंचायत प्रतिनिधि ने जताई चिंता

कालियाम पंचायत के मुखिया दासो हेंब्रम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बताया कि,

“बारिश की भयावहता ने कई लोगों का सब कुछ छीन लिया है। घर, फसल और सामान पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। प्रशासन से शीघ्र राहत कार्य शुरू करने की मांग की गई है।”

प्रशासन से राहत की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आपदा राहत टीम भेजने, खाद्य सामग्री और अस्थायी आश्रय स्थल की व्यवस्था करने की मांग की है। हालात को देखते हुए क्षेत्र में आपात स्थिति जैसे हालात बन गए हैं।