Responsive Menu
Add more content here...

लगातार बारिश से चाकुलिया में तबाही: कई घर जमींदोज, ग्रामीण बेहाल, पुलिया पर आवागमन ठप

Spread the love

चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह) 23 अगस्त 2025:
पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड में लगातार 48 घंटे से हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र दोनों में जलजमाव और क्षतिग्रस्त मकानों की खबरें सामने आ रही हैं। सबसे अधिक परेशानी कच्चे मकानों में रह रहे गरीब परिवारों को झेलनी पड़ रही है।

कच्चे मकान ढहे, साइकिल-बाइक समेत घरेलू सामान बर्बाद

शनिवार को कालियाम पंचायत के गोदरासोल गांव में बारिश की वजह से छह कच्चे मकान ध्वस्त हो गए। जिन परिवारों के घर गिरे हैं उनमें वार्ड पार्षद प्रवीर नायक, लक्ष्मी नायक, प्रफुल्ल नायक, दीपक नायक, बिंदा नायक और गुणाधर नायक शामिल हैं।
वार्ड पार्षद ने बताया कि मकानों के साथ घरों में रखे सामान, अनाज, बर्तन, बिछावन, यहां तक कि साइकिल और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से आपदा राहत सहायता की मांग की है।

जलजमाव से आवागमन प्रभावित, डायवर्शन में भरा पानी

कालियाम पंचायत के धाधिका क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिया के पास बने डायवर्शन में भारी जलजमाव हो गया है, जिससे ग्रामीणों का आना-जाना पूरी तरह से ठप हो गया है।
मुखिया दासो हेंब्रम ने बताया कि बारिश के कारण डायवर्शन में पानी भर गया है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

लगातार बारिश से किसान भी परेशान

गुरुवार से शुरू हुई बारिश अब तक थमी नहीं है। पूरा घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र बारिश की चपेट में है। इस अतिवृष्टि से धान की खेती करने वाले किसान भी संकट में हैं, क्योंकि खेतों में पानी भर चुका है और फसलों को नुकसान पहुंच रहा है।