चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : प्रखंड के कालापाथर पंचायत क्षेत्र में गुरुवार को एक हादसे में उदाल उत्क्रमित मध्य विद्यालय के कक्षा छह के उज्ज्वल पातर नामक छात्र घायल हो गया। छात्र को राधे कंस्ट्रक्शन कंपनी के सिविल इंजीनियर श्रीचरण पाल की बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल छात्र को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम भेजा गया है।
🛑 बाइक जब्त, बैठक में कंपनी पर उठे सवाल
हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने इंजीनियर की बाइक जब्त कर उसे ग्राम प्रधान के घर में रखा। घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत मुखिया शिवचरण हांसदा मौके पर पहुंचे। इसके बाद उदाल क्लब भवन में ग्राम प्रधान दुबराज मुर्मू की अध्यक्षता में एक आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें राधे कंस्ट्रक्शन कंपनी के कई कर्मचारी भी उपस्थित थे।
बैठक में ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि जब तक घायल छात्र पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाता, तब तक बाइक ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी में ही रहेगी।
पाइप लाइन बिछाने के कार्य पर भी जताया विरोध
बैठक में ग्रामीणों ने राधे कंस्ट्रक्शन की कार्यशैली पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि
- पंचायत क्षेत्र में पाइप बिछाने के नाम पर सड़कें काट दी जा रही हैं,
- खेतों में गड्ढे खोदकर अधूरे छोड़े जा रहे हैं,
- और बिना किसानों की सहमति के कार्य किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि जब तक किसानों से लिखित सहमति नहीं ली जाती, तब तक पाइप बिछाने का कार्य रोक दिया जाएगा।
कंपनी की ओर से जिम्मेदारी लेने का आश्वासन
घटना को लेकर राधे कंस्ट्रक्शन के साइट इंचार्ज संजय रावत ने कहा कि, “यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। छात्र को चोट आई है और जब तक वह स्वस्थ नहीं होता, तब तक उसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी की रहेगी।”