बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा) : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना क्षेत्रों में प्रत्येक गुरुवार को भूमि विवाद समाधान दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को भूमि से संबंधित विवादों का त्वरित और पारदर्शी समाधान प्रदान करना है।
गुरुवार को जिले के 12 थानों में आयोजित समाधान शिविरों में कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 13 मामलों का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया। यह प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता का परिचायक है।
अब तक 297 मामलों का हो चुका समाधान
भूमि विवाद समाधान दिवस के माध्यम से अब तक जिले में कुल 446 मामलों की सुनवाई की जा चुकी है, जिनमें से 297 मामलों का समाधान सफलतापूर्वक किया जा चुका है।
संयुक्त टीम कर रही है मौके पर जांच
प्रत्येक शिविर में संबंधित थाना क्षेत्र के अंचल अधिकारी, अंचल निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक तथा थाना प्रभारी की संयुक्त टीम बनाकर आवेदनकर्ताओं की समस्याओं की मौके पर जांच और समाधान किया जा रहा है।
उपायुक्त की अपील
कर्ण सत्यार्थी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि भूमि विवाद समाधान दिवस के दौरान प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भूमि विवाद से जुड़ी अपनी समस्याओं को लेकर नजदीकी थाना परिसर में गुरुवार को आयोजित होने वाले शिविरों में भाग लें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन देकर लाभ प्राप्त करें।