चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया नगर पंचायत अंतर्गत बाजार क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला है। विगत रात्रि एक जंगली हाथी हवाई पट्टी क्षेत्र से निकलकर नागानल मंदिर के समीप पहुंच गया और मंदिर के पीछे स्थित चहारदीवारी को तोड़ डाला। इससे नागानल कॉलोनी और बीड़ी बस्ती के निवासियों में भय और दहशत का माहौल बन गया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हवाई पट्टी से सटे जंगलों में कई जंगली हाथी लगातार डेरा डाले हुए हैं। शाम होते ही ये हाथी जंगल से निकलकर नगर पंचायत के विभिन्न इलाकों, विशेष रूप से बाजार क्षेत्र में पहुंच जाते हैं और उपद्रव मचाते हैं।
विशेष बात यह है कि यह पहली बार नहीं है जब नागानल मंदिर को हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है। पिछले दो वर्षों में कई बार मंदिर की चहारदीवारी को तोड़ा जा चुका है, जिससे मंदिर कमेटी को बार-बार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों के मूवमेंट पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि रिहायशी इलाकों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
नगरवासियों ने चेताया है कि यदि हाथियों की गतिविधियों पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।