बहरागोड़ा: बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के मौदा पंचायत अंतर्गत मौदा-खुदपुटली मुख्य सड़क पर स्थित एक पुलिया के नीचे शुक्रवार शाम अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया के आसपास से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। जब लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो पुलिया के नीचे एक शव पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव काफी समय पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत कई दिन पहले हुई होगी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। शव मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।