बाजपेयी नगर में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई
चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित बाजपेयी नगर में अवैध गांजा कारोबार का मामला सामने आया है। मंगलवार को सीओ नवीन पुरती और थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में की गई छापेमारी में एक घर से 336 ग्राम गांजा और नकद राशि बरामद की गई।
आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ
पुलिस ने मामले में महेश गागराई नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इलाके के युवकों और स्कूली छात्रों को गांजा बेचने का काम करता था। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
संदेह के आधार पर पकड़े गए थे युवक
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी ने एक निजी स्कूल के पास झाड़ियों में बैठे तीन युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान युवकों ने पुलिस को बताया कि बाजपेयी नगर में रहने वाला महेश गागराई गांजा बिक्री का अवैध कारोबार करता है।
अलग-अलग पुड़ियों में रखा था गांजा
युवकों की निशानदेही पर पुलिस और प्रशासन की टीम आरोपी के घर पहुंची। तलाशी के दौरान प्लास्टिक और कागज की पुड़ियों में रखा कुल 336 ग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही गांजा बिक्री से जुड़े 810 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
हर सप्ताह होती थी सप्लाई
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह हर शनिवार साप्ताहिक हाट से गांजा लाता था। उसने यह भी बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति साइकिल से आकर उसे गांजे की सप्लाई करता था।
सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि इलाके में लंबे समय से गांजा बिक्री की शिकायत मिल रही थी। पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।