तूफान के बाद लंबे समय तक बाधित रही बिजली
चाकुलिया: सोमवार दोपहर आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के बाद चाकुलिया क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। शाम करीब 4:30 बजे गुल हुई बिजली लगभग 20 घंटे बाद मंगलवार दोपहर बहाल हो सकी। भीषण गर्मी और उमस के बीच रातभर लोग परेशान रहे।
पेड़ गिरने और फॉल्ट से बढ़ी समस्या
विद्युत विभाग के कनीय अभियंता सुशांत हेंब्रम ने बताया कि कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां बिजली तारों पर गिर गई थीं। इसके अलावा 33 केवी और 11 केवी लाइन में इंसुलेटर पंक्चर होने से कई जगह फॉल्ट आ गया, जिसके कारण बिजली आपूर्ति बहाल करने में काफी समय लगा।
इनवर्टर ने भी छोड़ा साथ
बिजली नहीं रहने से लोगों को पूरी रात परेशानी झेलनी पड़ी। देर रात तक घरों में लगे इनवर्टर भी बंद हो गए। मंगलवार सुबह लोगों को उम्मीद थी कि बिजली आने के बाद पेयजल आपूर्ति सामान्य होगी, लेकिन देर तक बिजली बहाल नहीं होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
बीएसएनएल एक्सचेंज के पास केबल में लगी आग
बिजली आने के कुछ देर बाद नया बाजार स्थित BSNL एक्सचेंज के समीप बिजली के केबल में आग लग गई। आग की चपेट में आने से नीचे रखा डस्टबिन भी जल गया। विभाग ने बिजली काटकर किसी तरह आग पर काबू पाया।
गौशाला के पास फिर हुआ हादसा
इसके कुछ घंटे बाद दोपहर करीब 3 बजे गौशाला के पास फिर केबल में भीषण आग लग गई। इस घटना में लगभग 50 मीटर से अधिक केबल जलकर नष्ट हो गया। हालांकि किसी व्यक्ति के इसकी चपेट में नहीं आने से बड़ा हादसा टल गया।
विभाग के खिलाफ लोगों का फूटा गुस्सा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक बिजली विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। नगर पंचायत उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा, वार्ड पार्षद मौसमी मल्लिक समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे।
जेई का किया घेराव
बाद में बड़ी संख्या में लोग विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और जेई का घेराव कर विरोध जताया। लोगों के दबाव के बाद जेई को मौके पर लाया गया, जिसके बाद शाम करीब 6 बजे मरम्मत कार्य शुरू किया गया।