Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा: ट्रांसफॉर्मर जलने से 5 दिनों से अंधेरे में 120 घर, भीषण गर्मी में ग्रामीण बेहाल

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता

बहरागोड़ा प्रखंड के खांडामौदा गांव में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव में लगा 100 केवीए का ट्रांसफॉर्मर ओवरलोडिंग और भीषण गर्मी के कारण करीब पांच दिन पहले जल गया, जिसके बाद से लगभग 120 घरों में बिजली आपूर्ति ठप है। उमस भरी गर्मी में लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, लगातार बिजली नहीं रहने से हालात बेहद खराब हो गए हैं। इन्वर्टर की बैटरियां भी जवाब दे चुकी हैं, जिससे घरों और दुकानों में रहना मुश्किल हो गया है। लोग मोमबत्ती और दीये के सहारे रात गुजारने को मजबूर हैं। दिन में गर्मी और उमस से हालत और बिगड़ जाती है, वहीं रात में छतों पर टहलकर समय काटना पड़ रहा है।

ग्रामीण ब्रजोरंजन बेरा, हेमंत बेरा, उमाशंकर बेरा, प्रदीप बेरा समेत अन्य लोगों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से सबसे ज्यादा दिक्कत पानी की हो रही है, क्योंकि मोटर नहीं चल पाने से पानी की आपूर्ति भी बाधित है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं।

गांव में पहले से दो ट्रांसफॉर्मर (100-100 केवीए) लगे हैं, लेकिन बढ़ते लोड के कारण दोनों पर दबाव अधिक है। ग्रामीणों ने मांग की है कि यहां 200 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाया जाए, ताकि स्थायी समाधान हो सके।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ऐसे में गांव के लोग जल्द से जल्द बिजली बहाल करने और नए ट्रांसफॉर्मर की मांग कर रहे हैं।