चाकुलिया प्रखंड के बड़ामारा पंचायत अंतर्गत जुवालभांगा गांव में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले करीब 15 दिनों से हाथियों का झुंड इलाके में सक्रिय है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मंगलवार देर रात लगभग दो बजे छह हाथियों के समूह ने जुवालभांगा गांव के जाहेरडीह टोला में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने गांव के आस्था स्थल जाहेर थान के शेड को तोड़ दिया। इसके अलावा किसान जयराम हांसदा के खेत में लगी करीब एक बीघा गरमा धान की फसल को खाकर और रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

ग्राम प्रधान सुभाष चंद्र हांसदा, पुजारी समीर हांसदा समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का झुंड पास के मोहनडूंगरी जंगल से निकलकर रोजाना गांव में प्रवेश कर रहा है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ गई है और लोग भय के साये में जीने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को जल्द से जल्द इलाके से खदेड़ने और फसल व संपत्ति के नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है।