चाकुलिया | संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड के कालियाम पंचायत अंतर्गत जामबनी गांव में बीती रात दो जंगली हाथियों ने गांव में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के इस हमले में किसानों की कड़ी मेहनत पर पानी फिर गया और कई खेतों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं।
मुखिया को हुआ भारी नुकसान
इस घटना में कालियाम पंचायत के मुखिया दासो हेंब्रम को सबसे अधिक आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। मुखिया ने बताया कि हाथियों ने उनके खेत में लगी आलू, मूली और गोभी की तैयार फसल को न सिर्फ खाया, बल्कि पैरों से रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया।

अन्य किसानों की फसलें भी तबाह
हाथियों का कहर यहीं नहीं थमा। गांव के एक अन्य किसान रवि बास्के के खेत में भी हाथियों ने धावा बोला, जहां साग और पत्ता गोभी की फसल को नुकसान पहुंचाया गया।
वन विभाग ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही वनरक्षी विप्लव कुमार मौके पर पहुंचे और प्रभावित किसानों से मुलाकात कर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित मुखिया और किसान को मुआवजा के लिए क्षतिपूर्ति फॉर्म उपलब्ध कराया।
Advertisement

ग्रामीणों में भय का माहौल
मुखिया दासो हेंब्रम के अनुसार उत्पात मचाने के बाद दोनों जंगली हाथी पास के राजाबासा जंगल में डेरा जमाए हुए हैं। हाथियों की मौजूदगी के कारण गांव में अब भी दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण रात में खेतों की ओर जाने से डर रहे हैं।