Responsive Menu
Add more content here...

मूसलधार बारिश से लुगाहारा के किसानों की सब्जी फसलें तबाह, मंडी में दिखा असर

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता (बापुन) : बहरागोड़ा प्रखंड के लुगाहारा गांव के किसानों के चेहरों पर इन दिनों मायूसी साफ झलक रही है। क्षेत्र में हाल ही में हुई मूसलधार बारिश ने गांव के किसानों की बैंगन, मिर्च, टमाटर, भिंडी और सिम जैसी सब्जी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में खड़ी अच्छी फसल बारिश के पानी में सड़ गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।

गांव के किसान राजू महतो, मनीष महतो, नागेंद्र महतो और रखोहरी महतो ने बताया कि उन्होंने काफी मेहनत से इस बार अच्छी सब्जी फसल उगाई थी, लेकिन लगातार कई दिनों तक हुई तेज बारिश ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में पानी भरने के कारण सब्जियों की तुड़ाई नहीं हो सकी, और अधिकांश फसल खेतों में ही सड़ गई।

मंडियों में पड़ा असर, कीमतों में दिखी तेजी

खेती बर्बाद होने का असर स्थानीय सब्जी मंडियों में भी साफ दिखा। सब्जियों की आपूर्ति घटने से मंडी खाली नजर आई, और जो थोड़ी-बहुत सब्जी बाजार में पहुंची, उसके दामों में भारी इजाफा देखा गया। पाईकारी (थोक) बाजार में बैंगन 35 से 40 रुपये प्रति किलो बेचा गया, जबकि खुदरा बाजार में यही बैंगन 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।

जो बची, वही उम्मीद

हालांकि कुछ किसानों के खेतों में बैंगन के कुछ पौधे बच गए, और किसान अब वही फसल बेचकर थोड़ा मुनाफा कमाने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय विक्रेताओं और ग्राहकों दोनों ने सब्जियों की बढ़ी कीमतों पर चिंता जताई है।

प्रशासन से राहत की उम्मीद

किसानों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि उन्हें फसल क्षति का मुआवजा दिया जाए और भविष्य में इस प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए समुचित व्यवस्था की जाए।