बहरागोड़ा | 26 जुलाई 2025: झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (जेपीएससी) की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर बहरागोड़ा प्रखंड के राजलाबांध पंचायत निवासी कुंदन सिंह ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कुंदन सिंह, जो स्थानीय व्यवसायी गजेंद्र सिंह के पुत्र हैं, ने जेपीएससी के माध्यम से डिप्टी कलेक्टर पद के लिए चयनित होकर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
शनिवार को विधायक समीर कुमार मोहंती कुंदन सिंह के आवास पर पहुंचे और उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर कुंदन सिंह और उनके पिता गजेंद्र सिंह दोनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा,
“यह हमारे विधानसभा क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। कुंदन ने यह दिखा दिया है कि कड़ी मेहनत, संकल्प और पारिवारिक समर्थन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। अब वह प्रशासनिक सेवा के माध्यम से आमजन की सेवा करेंगे, यह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है।”
शिक्षा और अनुशासन से मिली सफलता
कुंदन सिंह की यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सिविल सेवा की तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों में रहकर भी कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है।
समारोह में जुटे गणमान्य लोग
सम्मान समारोह में झामुमो के वरिष्ठ नेता महावीर मुर्मू, असित मिश्रा, गोल्डी तिवारी, गुरु चरण मांडी, रासबिहारी साव, निर्मल दुबे, उत्तम राज, मिंटू पाल, यदुपति राणा, अशोक यादव सहित अनेक स्थानीय नेता, समाजसेवी और ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने कुंदन सिंह को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।