नई दिल्ली | 26 जुलाई 2025: जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे सांसद विद्युत वरण महतो को एक बार फिर उनकी उत्कृष्ट संसदीय सक्रियता और योगदान के लिए संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें चौथी बार प्राप्त हुआ है, जो उनके निरंतर संसदीय प्रदर्शन का प्रमाण है।
नई दिल्ली के केजी मार्ग स्थित न्यू महाराष्ट्र सदन में आयोजित संसद रत्न सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने सांसद महतो को शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, पूर्व सांसद, नीति विश्लेषक और नागरिक समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और नागरिक भागीदारी
संसद रत्न पुरस्कार के लिए चयन नागरिक समाज और अनुभवी सांसदों की समिति द्वारा किया गया। वर्ष 2024 के लिए चयनित सांसदों की घोषणा हाल ही में की गई थी। पुरस्कार के लिए ओवरऑल परफॉर्मेंस, संसद में भागीदारी, प्रश्न पूछने, बहस में सक्रियता और जनहित के मुद्दों को उठाने जैसे मानदंडों को आधार बनाया गया।
“यह सम्मान पूरे जमशेदपुर की जनता का है” – विद्युत वरण महतो
सम्मान प्राप्त करने के बाद सांसद महतो ने इसे जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं, कार्यकर्ताओं और पार्टी नेतृत्व को समर्पित किया। उन्होंने कहा,
“यह मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी का क्षण है। यह सम्मान मुझे और अधिक ऊर्जा के साथ जनता की आवाज़ को संसद में उठाने की प्रेरणा देता है। मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन और अपने क्षेत्र की जनता से मिले फीडबैक को ही अपने काम का आधार मानता हूं।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पुरस्कार किसी अपेक्षा का परिणाम नहीं, बल्कि उनके सतत प्रयासों का परिणाम है जो वे क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए करते रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने दी शुभकामनाएं
समारोह में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने सभी सम्मानित सांसदों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि लोकतंत्र की असली शक्ति हैं, जो संसद की गरिमा बनाए रखते हुए जनता की आवाज को मजबूती से रखते हैं। उन्होंने सांसदों से संसद की कार्यवाही में सक्रिय और मर्यादित भूमिका निभाने की अपील की।