Responsive Menu
Add more content here...

मुंडारी भाषा में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने की मांग, स्टूडेंट यूनियन ने विधायक समीर मोहंती को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता। बहरागोड़ा कॉलेज में मुंडारी भाषा से पीजी की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को मुंडारी भाषा स्टूडेंट यूनियन के विद्यार्थियों ने विधायक समीर मोहंती को ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने कहा कि क्षेत्र में मुंडारी भाषा की पढ़ाई के लिए स्नातक स्तर पर व्यवस्था है, लेकिन स्नातक के बाद पीजी करने का स्थानीय स्तर पर विकल्प उपलब्ध नहीं है।

ज्ञापन के माध्यम से विद्यार्थियों ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में मुंडारी भाषा बोलने वाले लोगों की बड़ी आबादी है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिले में मुंडा जनजाति की आबादी 54,047 थी, जो वर्तमान में करीब 75 हजार होने का अनुमान है। बहरागोड़ा कॉलेज में कई वर्षों से मुंडारी विषय की पढ़ाई संचालित हो रही है। हालांकि, स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद विद्यार्थियों को मुंडारी में पीजी के लिए कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत कोई स्थानीय विकल्प नहीं मिलता।

विद्यार्थियों का कहना है कि पीजी की पढ़ाई के लिए उन्हें रांची जैसे दूर के शहरों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले कई विद्यार्थी बाहर जाकर पढ़ाई करने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में उच्च शिक्षा जारी रखने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।

यूनियन ने कहा कि मुंडारी झारखंड की प्राचीन और समृद्ध जनजातीय भाषाओं में शामिल है। यह धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की मातृभाषा होने के साथ-साथ मुंडा समाज की संस्कृति, परंपरा, इतिहास और सभ्यता से भी गहराई से जुड़ी है। विद्यार्थियों ने भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए उच्च शिक्षा के स्तर पर भी इसके विस्तार की आवश्यकता जताई।

ज्ञापन में पद्मश्री डॉ. रामदयाल मुंडा के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा गया कि वर्ष 1980 से जनजातीय भाषा मुंडारी की पढ़ाई जारी है। भाषा और संस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया गया।

विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का हवाला देते हुए कहा कि इसमें भारतीय भाषाओं, मातृभाषाओं और जनजातीय भाषाओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया गया है। ऐसे में बहरागोड़ा कॉलेज में मुंडारी विषय से पीजी की पढ़ाई शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का स्थानीय अवसर मिलेगा और भाषा संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

मुंडारी भाषा स्टूडेंट यूनियन ने विधायक समीर मोहंती से बहरागोड़ा कॉलेज में पीजी (मुंडारी) की पढ़ाई शुरू कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।