Responsive Menu
Add more content here...

रक्तदान जागरूकता से सामाजिक सेवा तक: मैत्री संगठन ने चार वर्षों में बनाई अलग पहचान

Spread the love

बहरागोड़ा: वर्ष 2022 में स्थापित मैत्री संगठन (Maitri Sangathan) ने पिछले चार वर्षों में रक्तदान जागरूकता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अपनी सक्रिय पहचान बनाई है। संगठन झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और कृषि जैसे क्षेत्रों में भी विभिन्न जनहित कार्यक्रम संचालित कर रहा है।

संगठन के अनुसार, स्थापना के बाद से अब तक झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 30 रक्तदान शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन अभियानों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक एवं नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करना है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

मैत्री संगठन ने “एक नई रक्तदाता” अभियान भी शुरू किया है। इस पहल के तहत युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को रक्तदान के महत्व से अवगत कराया जा रहा है तथा नए रक्तदाताओं को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि नियमित रक्तदाताओं का नेटवर्क तैयार होने से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित सहायता मिल सकती है।

Read more : बहरागोड़ा के बेनाशोली काजू जंगल में एक सप्ताह से डटा हाथियों का झुंड, ग्रामीणों में दहशत

रक्तदान के अलावा संगठन सामाजिक सरोकार से जुड़े अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों और अस्पतालों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियां संचालित की गई हैं। वहीं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान चलाए गए हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में संगठन ग्रामीण और आदिवासी इलाकों के विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण कर रहा है। इसके साथ ही योग, सांस्कृतिक गतिविधियों और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है। महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। कृषि क्षेत्र में किसानों को आधुनिक खेती और कृषि उद्यमिता के प्रति जागरूक करने के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

संगठन से वर्तमान में 100 से अधिक स्वयंसेवक जुड़े हैं, जो विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस अभियान का नेतृत्व संदीप साऊ कर रहे हैं। संगठन के कार्यों में डॉ. सुमन घोष, पारबती शंकर बटब्याल, पंकज करण, धर्मेंद्र साऊ समेत कई समाजसेवी और स्वयंसेवक सहयोग कर रहे हैं।

मैत्री संगठन ने समाज, सरकारी संस्थानों, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और कॉरपोरेट संस्थाओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक प्रयासों से रक्तदान जागरूकता, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों का दायरा और व्यापक बनाया जा सकता है।