बहरागोड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मैत्री संगठन की ओर से रविवार को खंडामौदा पंचायत भवन में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एमजीएम ब्लड बैंक, जमशेदपुर की टीम के सहयोग से कुल 35 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
शिविर में स्थानीय ग्रामीणों के अलावा पश्चिम बंगाल से जुड़े विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भी भाग लिया। खंडामौदा पंचायत के मुखिया पंचानन मुंडा और मटियाना पंचायत के शंकर मुर्मू ने शिविर में पहुंचकर आयोजन का समर्थन किया।
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में जितेन शीत, निलेश बेरा, निरंजन साव, रितेश जाना और शुभंकर जाना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बहरागोड़ा के रात्रो जिम के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।
पश्चिम बंगाल के फेको घाट से भारतीय सशस्त्र बल के शहीद जवान सैकत गिरि के पिता भी शिविर में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए इस सामाजिक एवं मानवीय पहल की सराहना की। सुवर्णरेखाईक भाषा व संस्कृति संगठन के पलाश कुमार भुइं, स्वपन महतो और हरिशंकर महतो भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की प्रतिमा सतुआ ने भी रक्तदान कर लोगों को इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया। वहीं, हरिहर दास समेत कई लोगों ने पहली बार रक्तदान किया और अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
मैत्री संगठन की ओर से संदीप साउ, पारबती शंकर बटब्याल, अर्णब कुइला और रंजन शिट ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया। संगठन के सदस्य डॉ. सुमन घोष, पंकज करण, धर्मेंद्र शॉ, बिप्लब घोष, अरिंदम महतो और पंकज पांडा सहित अन्य सदस्यों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिविर से जुड़कर रक्तदाताओं और आयोजकों का उत्साहवर्धन किया।
मैत्री संगठन के सदस्यों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक नए रक्तदाताओं को इस अभियान से जोड़ना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। संगठन का उद्देश्य नियमित रूप से ऐसे शिविर आयोजित कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना है, ताकि जरूरत के समय मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया जा सके।