चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड की सरडीहा पंचायत में स्वर्णरेखा परियोजना के तहत सिंचाई पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं किए जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को इसका असर तब देखने को मिला, जब जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के लिए अनाज लेकर जा रहा एक ट्रक केंदाडांगरी के समीप कीचड़ में फंस गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक चाकुलिया स्थित एसएफसी गोदाम से सरडीहा पंचायत की पीडीएस दुकान के लिए राशन लेकर जा रहा था। रास्ते में कीचड़ से भरी सड़क पर वाहन अनियंत्रित होकर फंस गया। हालांकि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि स्वर्णरेखा परियोजना के तहत कई स्थानों पर सड़क काटकर पाइपलाइन बिछाई गई थी। लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़क को पहले जैसी स्थिति में बहाल नहीं किया गया। बरसात के कारण कटे हुए हिस्सों में कीचड़ भर गया है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही का खामियाजा पूरे क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर घायल हो रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहन भी कीचड़ में फंस रहे हैं।
ट्रक को निकालने के लिए ट्रैक्टर की मदद से प्रयास किया गया, लेकिन लगातार बारिश के कारण सफलता नहीं मिल सकी। समाचार लिखे जाने तक अनाज से लदा ट्रक सड़क पर ही फंसा हुआ था।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।