बहरागोड़ा। संवाददाता (एन. बेरा)
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बहरागोड़ा पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। शनिवार को पुलिस ने 28 अगस्त को दर्ज डोडा तस्करी मामले में फरार चल रहे दूसरे नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान झाड़ेस्वर महतो उर्फ फुचू महतो (उम्र 42 वर्ष), पिता दिजेन महतो, निवासी ग्राम शंखाभंगा, थाना बरसोल, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में की गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह गिरफ्तारी बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 59/2025, दिनांक 27 अगस्त 2025, धारा 15(बी) एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत की गई है। यह मामला 20 किलोग्राम डोडा की अवैध बरामदगी से संबंधित था। बरामदगी के बाद से ही आरोपी झाड़ेस्वर महतो फरार चल रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अभियुक्त अपने घर के आसपास देखा गया है। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।