Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9.2 किलो गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक सक्रिय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एमजीएम थाना पुलिस की कार्रवाई में कुल 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक पूर्वी सिंहभूम का निवासी है, जबकि दो आरोपी पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एमजीएम थाना पुलिस ने बेको गांव में छापेमारी की। इस दौरान मंतोष महतो उर्फ बुधू महतो को गिरफ्तार किया गया। उसके घर की तलाशी में 7.2 किलोग्राम गांजा, 6,400 रुपये नकद और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से गांजा मंगवाकर अपने घर में छिपाता था और आसपास के क्षेत्रों में उसकी बिक्री करता था। उसने यह भी बताया कि बंदवान क्षेत्र से दो अन्य तस्कर गांजा लेकर उसके घर पहुंचने वाले हैं।

इस सूचना के आधार पर पुलिस ने बेको से छोटाबांकी जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ ही देर बाद मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। उनके कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा और बिक्री से जुड़े 24,960 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक जियो कीपैड मोबाइल और एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन जब्त किया।

एमजीएम थाना में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *