Responsive Menu
Add more content here...

गुमटी की आड़ में गांजा और नशीली सिरप की बिक्री का आरोप, एमजीएम पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र में गुमटी की आड़ में गांजा और नशीली सिरप की कथित अवैध बिक्री का पुलिस ने खुलासा किया है। बालीगुमा स्थित एनएच-33 के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने गांजा, नशीली सिरप, नकदी और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को सूचना मिली थी कि किया कार शोरूम के समीप एक बिस्किट-चॉकलेट की गुमटी से नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गुमटी की घेराबंदी की और वहां मौजूद नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद गुमटी की तलाशी ली गई।

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान कुल 2 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसमें 790 ग्राम गांजा छोटे-छोटे पुड़ियों में रखा हुआ था, जबकि 1 किलो 270 ग्राम गांजा हरे रंग की पॉलीथिन में मिला।

इसके अलावा पुलिस ने 100 एमएल की ONEREX कोडीन फॉस्फेट सिरप की सात बोतलें भी बरामद की हैं। पुलिस ने बताया कि मौके से 3,320 रुपये नकद, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 11 मिट्टी के चिलम और एक स्मार्टफोन भी मिला है।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत एमजीएम थाना पुलिस ने यह छापेमारी की।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। पुलिस बरामद नशीले पदार्थों के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।