जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में हुए मोहम्मद अफताब आलम हत्याकांड के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात से पहले रेकी के लिए इस्तेमाल की गई बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 2 अगस्त की रात बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कंटेनर यार्ड के समीप मोहम्मद अफताब आलम पर अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी की थी। गंभीर रूप से घायल अफताब आलम को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बर्मामाइंस थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) और पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने कैरेज कॉलोनी स्थित मुस्लिम बस्ती में छापेमारी कर मामले के प्राथमिक आरोपी मोहम्मद समद और कुलसुम बीबी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर घटना से पूर्व रेकी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की नीले और काले रंग की स्कूटी भी बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद समद का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और डकैती सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा उनकी भूमिका क्या थी।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का पूर्ण खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।