बहरागोड़ा: झारखंड आंदोलन के महानायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को बहरागोड़ा में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रखंड कमेटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने शिबू सोरेन के संघर्षमय जीवन और झारखंड राज्य के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए असित मिश्रा ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासियों, मूलवासियों, किसानों और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई तथा झारखंड की पहचान को मजबूत करने के लिए समर्पित कर दिया। उनके संघर्ष, त्याग और सामाजिक सरोकार आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रो. श्याम मुर्मू, निर्मल दुबे, मिंटू पाल, गुरुचरण मांडी, मुखिया पानसोरी हांसदा, रासबिहारी साहू, सुमित माईती, रिंकू माईती, जीत वाहन राउत, बिशु ओझा, जगदीश राय, बापी साहू, यदुपति राणा, बुद्धदेव साहू, समीर सोरेन सहित बड़ी संख्या में झामुमो के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं, झारखंड के प्रथम स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश कुमार षाड़ंगी के आवासीय कार्यालय में भी दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और झारखंड के विकास तथा सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान को याद किया।
