चाकुलिया: दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर चाकुलिया टाउन हॉल परिसर में आयोजित ‘स्मृति जोहार यात्रा’ के समापन एवं श्रद्धांजलि सभा के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को बहरागोड़ा क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती मिली। इस अवसर पर बहरागोड़ा की जिला परिषद सदस्य फूलमनी मुर्मू तथा मानुषमुरिया पंचायत के मुखिया राम मुर्मू अपने कई समर्थकों के साथ झामुमो में शामिल हो गए।
पार्टी में शामिल होने वालों में पप्पू गिरी, कृष्णा मान्ना, मलय पैड़ा, कालू चंद, सोमनाथ राणा, सोमनाथ बेरा, विश्वजीत राणा, तुहीन राणा और मार्शल बास्के भी शामिल रहे।
नवप्रवेशी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत घाटशिला विधायक समेश चंद्र सोरेन तथा बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती ने माला पहनाकर और पार्टी का अंगवस्त्र प्रदान कर किया। दोनों विधायकों ने सभी का झामुमो परिवार में स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस मौके पर मुखिया राम मुर्मू ने कहा कि वे दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष, विचारों और जनहित की राजनीति से प्रेरित हैं। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी सौंपेगा, उसका ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान बड़ी संख्या में झामुमो के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।