चाकुलिया: झारखंड आंदोलन के महानायक एवं दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर निकाली गई ‘स्मृति जोहार यात्रा’ का समापन मंगलवार को चाकुलिया टाउन हॉल परिसर में श्रद्धांजलि सभा के साथ हुआ। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुजी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके संघर्ष, विचारों और योगदान को याद किया।
जमशेदपुर के डिमना स्थित बाबा तिलका मांझी चौक से शुरू हुई रथ यात्रा घाटशिला और धालभूमगढ़ होते हुए चाकुलिया पहुंची। चाकुलिया के बिरसा चौक पर झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। यहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद कार्यकर्ता रथ के साथ पैदल मार्च करते हुए मुख्य मार्ग से टाउन हॉल पहुंचे, जहां यात्रा का समापन श्रद्धांजलि सभा के रूप में हुआ।

सभा को संबोधित करते हुए घाटशिला विधायक समेश चंद्र सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना संपूर्ण जीवन झारखंड की अस्मिता, भाषा, संस्कृति, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उनके लंबे संघर्ष का परिणाम ही अलग झारखंड राज्य का गठन है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी, क्योंकि यही झारखंड की वास्तविक पहचान है।
बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा कि पिछले वर्ष अगस्त में झारखंड ने गुरुजी शिबू सोरेन और वरिष्ठ नेता रामदास सोरेन जैसे दो महत्वपूर्ण अभिभावकों को खोया, जिसकी कमी आज भी महसूस होती है। उन्होंने कहा कि गुरुजी ने गरीबों, आदिवासियों, मूलवासियों और वंचित समाज के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया और अलग झारखंड राज्य के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि आज गुरुजी की प्रथम पुण्यतिथि पूरे झारखंड में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। उनके पैतृक गांव नेमरा सहित विभिन्न स्थानों पर सरकारी स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
समीर मोहंती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गुरुजी के विचारों, संघर्षों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा जनता और मिट्टी से जुड़ी पार्टी है और इसकी ताकत इसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।
कार्यक्रम के अंत में झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जबकि मंच संचालन सागेन पूर्ति ने किया।
इस अवसर पर झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, मोहन कर्मकार, प्रमोद लाल, राजू गिरी, शेख बदरुद्दीन, महाबीर मुर्मू, हिरामुनी मुर्मू, सरोज महापात्र, जिला परिषद सदस्य धरित्री महतो, नगर पंचायत अध्यक्ष सोमवारी सोरेन, घनश्याम महतो, प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, ललित मांडी, जीतवाहन राउत, मुन्ना होता, बिशु ओझा, मो. गुलाब, गौतम दास, जगन्नाथ महतो, साहेबराम मांडी, कृति महतो, राजा बारिक सहित बड़ी संख्या में झामुमो के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।