Responsive Menu
Add more content here...

बाबा तिलका मांझी की 276वीं जयंती पर झरिया मोड़ में उमड़ा जनसैलाब, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने किया माल्यार्पण

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता

बुधवार को बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के झरिया मोड़ स्थित बाबा तिलका मांझी चौक पर महान स्वतंत्रता सेनानी बाबा तिलका मांझी की 276वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक सह झामुमो के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बाबा तिलका मांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके संघर्षमय जीवन को याद किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा तिलका मांझी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आवाज उठाकर स्वतंत्रता आंदोलन की नींव मजबूत की। उनका जीवन त्याग, साहस और स्वाभिमान की मिसाल है, जिससे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने बाबा तिलका मांझी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। पूरा कार्यक्रम स्थल ‘बाबा तिलका मांझी अमर रहे’ के नारों से गूंज उठा।

जयंती के उपलक्ष्य में आयोजन समिति द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर पूर्व मुखिया सह मुख्यपति सोमाय हाँसदा, नायके बाबा जीत राय हाँसदा, करण बेसरा, विधान हाँसदा, चतुर सोरेन, समीर सोरेन सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।