
जमशेदपुर संवाददाता
झारखंड के निर्माता, जननायक और क्रांतिकारी योद्धा दिसोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की स्मृति में गुरुवार को साकची स्थित धालभूम क्लब में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले से लेकर प्रखंड स्तर तक के कार्यकर्ता, नेता और गठबंधन दल के सभी जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे और गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

जुगसलाई विधानसभा के विधायक मंगल कालिंदी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता साकची आम बागान से रैली के रूप में धालभूम क्लब पहुँचे और गुरुजी को श्रद्धांजलि दी। सभा में शामिल लोगों ने गुरुजी के संघर्षपूर्ण जीवन और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने सबसे पहले गुरुजी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा —
“गुरुजी न केवल झारखंड आंदोलन के महानायक थे, बल्कि एक ऐसे जननायक थे, जिन्होंने साधारण गांव और साधारण परिवार में जन्म लेकर सूदखोर महाजनों के खिलाफ आवाज़ उठाई। यही आंदोलन आगे चलकर झारखंड राज्य आंदोलन में तब्दील हुआ और झारखंड को नई पहचान दिलाई।”

श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने एक स्वर में गुरुजी के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।
