Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा: लगातार बारिश से किसानों में खुशी, जर्जर सड़कों ने बढ़ाई राहगीरों की मुश्किल

Spread the love

बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा): बहरागोड़ा प्रखंड में लगातार हो रही बारिश ने जहां किसानों के चेहरे खिला दिए हैं, वहीं खराब सड़कों और जलजमाव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बीते दो दिनों से क्षेत्र में रुक-रुक कर झमाझम बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

बारिश के कारण खेतों में नमी बढ़ने से किसान अब खेती कार्य में जुट गए हैं। कई किसान खेतों की जुताई कर बिचड़ा (धान का बीज) तैयार करने में लगे हुए हैं। सुबह से ही किसान खेतों में सक्रिय दिख रहे हैं और आगामी रोपनी की तैयारी में व्यस्त हैं।

जर्जर सड़कों ने बिगाड़ी चाल

बारिश का असर क्षेत्र की सड़कों पर साफ देखा जा सकता है। एनएच-18 से मानखंदा होते हुए झाटियाशोल तक जाने वाली मुख्य सड़क बदहाल हालत में है। यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी थी, लेकिन देखरेख के अभाव में अब यहां बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ ने राहगीरों के लिए चलना दूभर बना दिया है।

मधुआबेड़ा, गोहालडीही, चडकमारा, शिकारीशाई, डिंगाशाई, मानखंदा और झाटियाशोल जैसे गांवों के लोग इसी सड़क से आना-जाना करते हैं। लेकिन अब बच्चों का स्कूल जाना, सब्जी बाजार पहुंचाना या रोगियों को डॉक्टर के पास ले जाना—हर कार्य एक चुनौती बन गया है। दोपहिया वाहन चालकों और साइकिल सवारों के फिसलने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।

पुल और अंडरपास भी संकट में

क्षेत्र के कई हिस्सों में पुल नहीं बनने से लोग घरों में ही फंसे हुए हैं। पांचबेड़िया से ब्राम्हणकुंडी तक की सड़क पर बना पुल अब जर्जर अवस्था में है और कभी भी ध्वस्त हो सकता है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

वहीं, जगन्नाथपुर स्थित रेलवे अंडरपास में पानी भरने से लोगों का आना-जाना पूरी तरह प्रभावित है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कृषि विभाग की जानकारी

बहरागोड़ा के कृषि पदाधिकारी संजय कुमार ने जानकारी दी कि 18 जून को क्षेत्र में 30 मिमी और 19 जून दोपहर तक 135.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यह बारिश बुआई के लिए अनुकूल मानी जा रही है और किसान इसका पूरा लाभ उठाने में जुटे हैं।