बहरागोड़ा, 29 जून | AbuaKhabar.com रिपोर्ट संवाददाता (निलेश बेरा)
झारखंड के बहरागोड़ा प्रखंड में शनिवार शाम से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही तेज़ बारिश के चलते दर्जनों गांव जलमग्न हो गए हैं, वहीं बहरागोड़ा मुख्य बाजार की सड़क पर 3 से 4 फीट तक पानी बह रहा है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गई हैं।
घरों में घुसा पानी, गांव जलमग्न
बारिश के कारण राजलाबांध, पाटपुर, मोहनपुर, केंवला, चौरंगी, मधुआबेड़ा, बामडोल, महुलडंगरी, गामारिया, साकरा, खांडामौदा, जाम्बनी, संखाभांगा, कुमारडुबी, गोपालपुर, प्रतापपुर, भालुकखुलिया, बतबती, रंगुनिया, चित्रेश्वर, बहुलिया, मानुषमुड़िया समेत दर्जनों गांवों में घरों में पानी घुस गया है। ग्रामीणों को भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।

सड़कों और पुलियों पर पानी, आवाजाही ठप
प्रखंड क्षेत्र की कई मुख्य सड़कों पर बनी पुलियों पर पानी भर गया है, जिससे संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। चौरंगी रोड पर नवनिर्मित मकानों की पार्किंग ध्वस्त हो गई है।
बाजार बंद, पेट्रोल पंप में पानी, आर्थिक नुकसान
बहरागोड़ा बाजार की अधिकांश दुकानों में पानी घुस गया है, जिससे व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद हैं। बेला चौक स्थित जियो पेट्रोल पंप में भी लगभग 5 फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
किसान परेशान, धान के बीज सड़ने की कगार पर
खेतों में पानी भर जाने से धान के बिचड़े सड़ने लगे हैं, जिससे किसान बेहद चिंतित हैं। किसानों ने कहा है कि अगर बारिश नहीं रुकी तो उन्हें फिर से बीज खरीद कर रोपनी की तैयारी करनी पड़ेगी, जिससे खेती का पूरा चक्र प्रभावित होगा।
प्रशासन अलर्ट मोड में, राहत कार्य शुरू
प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा, थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा और चंदन कुमार यादव क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रहे हैं। प्रशासन ने बताया कि 72 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग से प्राप्त हुई है।
प्रशासन ने स्वर्णरेखा नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की व्यवस्था की है। राशन, सूखा भोजन और आश्रय की व्यवस्था की जा रही है।
🛑 हाट में सन्नाटा, व्यापारी और सब्जी विक्रेता चिंतित
बहरागोड़ा साप्ताहिक हाट में भी पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है। व्यापारी और सब्जी विक्रेता भारी आर्थिक संकट की स्थिति में हैं। स्थानीय निवासी प्रशासन से शीघ्र राहत उपायों की मांग कर रहे हैं।
📌 मुख्य बातें:
- 20 से अधिक गांवों में पानी भरने से घर जलमग्न
- मुख्य बाजार और पेट्रोल पंप में 4–5 फीट तक पानी
- खेती पर संकट, धान के बिचड़े नष्ट होने की आशंका
- प्रशासन अलर्ट, राहत शिविर और राशन वितरण शुरू
- मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी दी
