Responsive Menu
Add more content here...

स्वतंत्रता दिवस पर विधायक समीर कुमार मोहंती ने विभिन्न स्थानों पर किया ध्वजारोहण

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर आयोजित समारोहों में विधायक समीर कुमार मोहंती ने शिरकत की। उन्होंने अपने कार्यालय समेत चाकुलिया के भगत सिंह चौक, बिरसा चौक और अन्य स्थानों पर राष्ट्रध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को नमन किया।

advertisment

विधायक ने समारोह में मौजूद लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और असंख्य वीरों के त्याग के बाद मिली है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

समीर कुमार मोहंती ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस महज तिरंगा फहराने और उत्सव मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता बनाए रखते हुए बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। पूरे क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।